
पुरानी रंजिश में रची गई थी वारदात की साजिश
चित्रकूट ब्यूरो : पहाड़ी थाना क्षेत्र के लोहदा गांव में घर में घुसकर मारपीट, फायरिंग और लूटपाट करने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया।एसओजी और पहाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से लूटे गए चांदी और सोने के आभूषण, नकदी, तमंचा, कारतूस, चाकू, लोहे का चापड़ और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। मामले में तीन अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बीती आठ और नौ अक्टूबर की रात लोहदा निवासी जगन्नाथ निषाद अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान पांच-छह लोग घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। हमलावरों ने तलवारनुमा हथियार से जगन्नाथ की पीठ पर वार किया। उनकी बेटी ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो एक आरोपित ने फायरिंग कर दी। इसके बाद हमलावर बक्से और अलमारी में रखे चांदी के आभूषण, सोने के जेवर, करीब पांच हजार रुपये और एक मोबाइल फोन लेकर भाग गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। जिसके तहत एसओजी और पहाड़ी पुलिस ने जानकारी मिलने पर मंगलवार की रात करीब ढाई बजे कुचारम मोड़ पर घेराबंदी कर आरोपियों कार रोककर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पीछे बैठे कुछ आरोपी भाग निकले, जबकि चार आरोपित पकड़े गए। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पांचवें आरोपित जुगल निषाद को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि जुगत निषाद की जगन्नाथ निषाद से पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते आरोपी जुगल ने साजिश रचकर अपने साथियों के साथ यह वारदात की। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। फरार आरोपितों के पास लूटा गया मोबाइल होने की आशंका जताई गई है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अब्दुल मतीन निवासी कोट, थाना खखरे जनपद फतेहपुर, अयोध्या प्रसाद उर्फ अजय निवासी नसीरपुर फतेहपुर, धर्मेंद्र पासी उर्फ दद्दा निवासी खखरेरू फतेहपुर, मंगलवा उर्फ गुरु निषाद निवासी अमवा चित्रकूट व जुगल निषाद निवासी बक्टा खुर्द चित्रकूट शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सर्विलांस टीम के निरीक्षक एम.पी त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी नीतेश समाधिया, रोहित सिंह, गोलू भार्गव, रोशन सिंह, ज्ञानेश मिश्रा, पवन कुमार, आशीष सिंह, राघवेन्द्र सिंह व पहाड़ी थाना के प्रभारी निशिकान्त राय, अपराध निरीक्षक राजेश उपाध्याय, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र राय, अनिल कुमार यादव, सुनील कुमार राय, आरक्षी विवेक कुमार, आशीष कुमार, राजदीप यादव, राहुल देव व बहोरन यादव शामिल रहे।