12 शिक्षण संस्थानों में 1281 विद्यार्थियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

चित्रकूट : जिले में ‘आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत बुधवार को 12 शिक्षण संस्थानों में निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए। इनमें कुल 1281 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।
जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डाॅ दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के तहत राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन उच्च प्राथमिक विद्यालय कर्वी, बचपन डे केयर सेंटर शिवरामपुर, सेमरिया, सगवारा, मुरका और भगनपुर के विद्यालयों सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित हुए। उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरबपताई और कलचिहा बरगढ़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मानिकपुर, पालेष्वर नाथ इंटर कॉलेज पहाड़ी, सदाशिव पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैसौंधा तथा जयप्रकाश नारायण आवासीय विद्यालय सरधुआ में भी विद्यार्थियों की जांच की गई। इनमें पालेस्वर नाथ इंटर कॉलेज पहाड़ी में 224, इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय मुरका में 193 और सदाशिव पूर्व माध्यमिक विद्यालय भैसौंधा में 157 विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गईं।
शिविरों में डॉ. राजेश कुमार, डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. अर्जुन मौर्य, डॉ. योगेन्द्र यादव, डॉ. प्रीती झा, डाॅ प्रभू सिंह, डाॅ कुसमेंद सिंह, डाॅ सुनील ऋंगार, डाॅ शशि केशरवानी, डाॅ सौम्या शुक्ला, डाॅ मुकेश पाण्डेय, डाॅ राजेश पाण्डेय समेत अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया। डीपीएम आयुष शिवम शुक्ला भी अभियान में शामिल रहे।
