6 नवंबर सुबह 5:30 बजे से 11 नवंबर मध्यरात्रि तक कर्वी नगर और मेला क्षेत्र में भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
प्रयागराज, बांदा, सतना और कौशांबी से आने वाले वाहनों के लिए जारी किया गया रूट डायवर्जन प्लान
चित्रकूट। कार्तिक मास की दीपावली अमावस्या मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन ने विस्तृत यातायात रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए 6 नवंबर की सुबह 5:30 बजे से 11 नवंबर की रात 12 बजे तक कर्वी नगर और मेला क्षेत्र में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।
यह व्यवस्था धारा 115 मोटर वाहन अधिनियम 1988 और उत्तर प्रदेश मोटर यान नियमावली 1998 के तहत लागू की गई है। प्रतिबंधित अवधि में सात प्रमुख मार्गों पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। इनमें जीरो प्वाइंट बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से रेहुटिया तक प्रयागराज रोड, लोढ़वारा मोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 731ए से धनुष चौराहा होते हुए यूपी-एमपी गेट देवांगना घाटी तक का मार्ग शामिल है। इसके अलावा बेड़ी पुलिया चौराहे से निर्मोही अखाड़ा यूपी-एमपी सीमा, भरतकूप तिराहे से रामशैय्या, संग्रामपुर तिराहा, खोही होते हुए बहुद्देशीय सहकारी समिति यूपी-एमपी सीमा तक, शिवरामपुर तिराहे से चितरागोकुलपुर तिराहा, लैना बाबा तिराहे से संग्रामपुर तिराहा और चितरागोकुलपुर तिराहे से यार्डलैंड स्कूल यूपी-एमपी सीमा तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
12 नवंबर से शहर में 30 दिन लागू रहेगी नो-एंट्री
मेले की मुख्य प्रतिबंध अवधि समाप्त होने के बाद भी कर्वी नगर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक जारी रहेगी। 12 नवंबर से अगले 30 दिनों तक अथवा नए आदेश जारी होने तक, जो भी पहले हो, निर्धारित स्थानों पर नो-एंट्री लागू रहेगी। लोढ़वारा मोड़ राजापुर मार्ग पर सुबह 5:30 से रात 9:30 बजे तक, रेहुटिया रेलवे क्रॉसिंग के पहले प्रयागराज रोड और खोह पुलिस लाइन तिराहे पर सुबह 5:30 से रात 10 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। शेषनपुरवा मोड़ सोनेपुर-सतना रोड पर रात 10:30 बजे तक तथा बेड़ी पुलिया स्थित मत्यगजेन्द्रनाथ धर्मकांटा पुलिस होल्डिंग एरिया, बांदा रोड पर रात 11 बजे तक नो-एंट्री रहेगी। निर्मोही अखाड़ा और यार्डलैंड स्कूल यूपी-एमपी सीमा से बेड़ी पुलिया तिराहे तक भी यही समय लागू होगा।
निर्देशों के मुताबिक सुबह 5:30 बजे नो-एंट्री बैरियर से प्रवेश करने वाले भारी मालवाहक वाहनों को हर हाल में सुबह छह बजे तक प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकलना होगा। वैवाहिक, धार्मिक, त्योहार, जुलूस, झांकी, शोभायात्रा या राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण नो-एंट्री के समय में बदलाव होने पर इसकी सूचना संबंधित बैरियर पर दी जाएगी।
चार दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग रास्ते
प्रयागराज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बोड़ी पोखरी से सरैया, मानिकपुर तिराहा और मारकुंडी होते हुए सतना भेजा जाएगा। बांदा जाने वाले वाहन बोड़ी पोखरी से राजापुर, सरधुवा, कमासिन और बबेरू होकर जाएंगे। कौशांबी जाने वाले वाहन राजापुर मार्ग से निकलेंगे। कौशांबी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी राजापुर-बोड़ी पोखरी-सरैया-मानिकपुर-मारकुंडी मार्ग से सतना तथा सरधुवा-कमासिन-बबेरू मार्ग से बांदा जाने की व्यवस्था की गई है।
बांदा की ओर से आने वाले वाहनों को भरतकूप जीरो प्वाइंट से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, बदौसा-ओरन, बिसंडा, पहाड़ी और राजापुर के रास्ते कौशांबी, प्रयागराज तथा सतना की ओर भेजा जाएगा। प्रयागराज जाने के लिए नांदी रोड और भौरी मार्ग का विकल्प भी निर्धारित किया गया है। सतना के मारकुंडी मार्ग से आने वाले वाहनों को मानिकपुर, सरैया तिराहा और बोड़ी पोखरी के रास्ते प्रयागराज, जबकि राजापुर होकर बांदा और कौशांबी भेजा जाएगा। सोनेपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए हनुमान धारा, रजौला, बड़ी पाटिन, मारकुंडी और मानिकपुर होते हुए प्रयागराज व कौशांबी जाने का मार्ग तय किया गया है। बांदा जाने वाले वाहनों के लिए पिंडरा, बरौंधा, ललितपुर और कलिंजर मार्ग निर्धारित है।
हल्के वाहनों के लिए भी तय किया गया मार्ग
दो पहिया और चार पहिया हल्के वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बेड़ी पुलिया से जानकीकुंड और सतना की ओर जाने वाले वाहन मंदाकिनी नदी पुल, धनुष चौराहा, एलआइसी तिराहा और सोनेपुर रोड होते हुए गंतव्य तक पहुंचेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि मेला अवधि में निर्धारित मार्गों का पालन करें और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन ले जाने से बचें। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही शहर और मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।





