श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए सड़क के गड्ढे भरने और कूड़े के ढेर हटाने के निर्देश
फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर दुकानों को दूसरी जगह किया गया शिफ्ट
चित्रकूट। दीपावली मेले में लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रेलवे स्टेशन रोड तथा धनुष चौराहे का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, सड़क की स्थिति, फुटपाथ पर अतिक्रमण और यातायात संचालन का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण की शुरुआत रेलवे स्टेशन रोड से हुई। रेलवे स्टेशन के बाहर और आसपास सड़क किनारे कूड़े के ढेर देखकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका कर्वी के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि कूड़े के ढेर तत्काल हटवाए जाएं और पूरे क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन जिले में बाहर से आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख प्रवेश स्थल है। ऐसे में स्टेशन के आसपास स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था होना जरूरी है। यहां गंदगी मिलने से जनपद की छवि प्रभावित होती है और यात्रियों को भी असुविधा होती है।
डीएम ने सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर बने गड्ढों को देखते हुए उन्होंने तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। कहा कि दीपावली मेले के दौरान वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क पर गड्ढे होने से जाम के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इसलिए मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन के बाहर और सड़क पर वाहनों को अनावश्यक खड़ा न होने दिया जाए। यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए, ताकि जाम की स्थिति न बने।
धनुष चौराहे पर फुटपाथ से हटेंगी दुकानें
रेलवे स्टेशन रोड के बाद डीएम और एसपी ने धनुष चौराहे का निरीक्षण किया। यहां फुटपाथ पर दुकानें लगाए जाने और अतिक्रमण के कारण पैदल राहगीरों के सामने आने वाली दिक्कतों को गंभीरता से लिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फुटपाथ पर संचालित दुकानों को तत्काल हटवाया जाए। दुकानदारों को लोक निर्माण विभाग की बाउंड्री के पीछे निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए, जिससे उन्हें भी कारोबार के लिए जगह मिल सके और फुटपाथ आमजन के आवागमन के लिए खाली रहे।
उन्होंने कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बनाए जाते हैं। इन पर दुकानें लगने से लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। दीपावली मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर यह समस्या और गंभीर हो सकती है। इसलिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फुटपाथ को पूरी तरह खाली कराया जाए।
समन्वय बनाकर पूरी करें तैयारियां
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली मेले के दौरान चित्रकूट में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन रोड, धनुष चौराहे और अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। यदि सड़कों पर अतिक्रमण और गंदगी बनी रही तो लोगों को परेशानी होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में किसी तरह की लापरवाही न बरतने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जरूरी है कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) डॉ. कंचन, उपजिलाधिकारी अजय यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










