मौसम क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस नौकरी मौसम व्यापार लाइफस्टाइल देश विदेश जीवन विज्ञान जीवन शैली राशिफल बॉलीवुड आध्यात्मिक गैलरी
अन्य

---Advertisement---

1.22 लाख किसानों के खातों में पहुंची सम्मान निधि की 24वीं किस्त

---Advertisement---

चित्रकूट के किसानों को मिले 24.58 करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री ने देशभर के 9.34 करोड़ किसानों के खातों में भेजी 18,680 करोड़ से अधिक की राशि

फसल नुकसान पर 72 घंटे में सूचना देने की अपील

चित्रकूट ब्यूरो। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के साथ ही जिले के 1,22,948 किसानों के बैंक खातों में 24 करोड़ 58 लाख 96 हजार रुपये की धनराशि पहुंच गई। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि हस्तांतरित की। इसके तहत प्रत्येक पात्र किसान के खाते में दो हजार रुपये भेजे गए। जिले के किसानों ने भी इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक चित्रकूट-बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। किसान सम्मान निधि योजना खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में बताया गया कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में कृषि अवसंरचना कोष के तहत विकसित 521 इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित किया गया तथा 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स का शुभारंभ किया गया। इन पहलों का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पहाड़ी सुशील द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. आलोक पांडेय, शिवाकांत द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

फसल नुकसान पर 72 घंटे में दर्ज कराएं शिकायत

उप कृषि निदेशक

चित्रकूट। मौसम में आए बदलाव और बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को फसल नुकसान की सूचना समय से देने की सलाह दी है। उप कृषि निदेशक जीतलाल गुप्ता ने बताया कि खरीफ-2026 के दौरान 29 अक्टूबर से मौसम की स्थिति खराब होने के कारण खेतों में कटी पड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बारिश, ओलावृष्टि, जलभराव और अन्य अधिसूचित प्राकृतिक आपदाओं से फसल प्रभावित होने पर बीमित किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 में जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है और उनकी कटी हुई फसल को प्राकृतिक आपदा से नुकसान हुआ है, उन्हें घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना देना अनिवार्य है। इसके लिए भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर फोन कर शिकायत दर्ज करानी होगी।

उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में शिकायत दर्ज कराने के बाद योजना के नियमों के अनुसार गठित संयुक्त टीम प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण करेगी। सर्वेक्षण के आधार पर फसल क्षति का आकलन किया जाएगा और पात्रता के अनुसार बीमा क्लेम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि नुकसान होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने में देरी न करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।



Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment