
सकुशल सम्पन्न हुई एमएलसी चुनाव की मतदान प्रक्रिया
चित्रकूट ब्यूरो : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन के तहत शुक्रवार को जिले के 13 बूथों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान सम्पन्न हो गया। इस दौरान कुल 45.54 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिले के 13 बूथों में शुक्रवार को प्रातः 08ः00 बजे से मतदान प्रक्रिया बेहद धीमी गति से शुरू हुई। इसके चलते पहले दो घंटे में 10ः00 बजे तक कुल 4.11 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद दोपहर 12ः00 बजे तक 15.2 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 02ः00 बजे मतदान प्रतिशत 30.57 पहुंच गया और मतदान के पश्चात जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कुल 13 बूथों में 4,243 पुरुष और 1,050 महिलाओं ने मदान किया। इस प्रकार पुरुषों का मतदान प्रतिशत 49.99 और महिलाओं का मतदान प्रतिशत 33.50 रहा। साथ ही जनपद का कुल मतदान प्रतिशत 45.54 रहा।

इस दौरान जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने जनपद के चित्रकूट इण्टर काॅलिज सहित कर्वी, मानिकपुर, पहाड़ी, मऊ, राजापुर (रामनगर) के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कहा कि मतदान केन्द्र की 100 मीटर की परिधि में कोई भी प्रत्याशी या समर्थक प्रचार-प्रसार नहीं करेेगा। उन्होंने ड्यूटि पर तैनात सम्बन्धित अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार राजापुर उपजिलाधिकारी पूजा गुप्ता, मऊ उपजिलाधिकारी रामऋषि रमन, उपजिलाधिकारी सदर अजय यादव, अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने भी मतदान केन्द्रों का भ्रमण किया।










