डीएम ने निष्पक्ष मतदान कराने के दिए निर्देश
चित्रकूट ब्यूरो : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर शुक्रवार को होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में नोडल अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। इसमें निर्वाचन आयोग और रिटर्निंग अधिकारी के निर्देशों के क्रम में तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी, जिस पर डीएम ने संतोष जताते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और सकुशल मतदान कराने के निर्देश दिए।
मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर गुरुवार को कलेक्टरेट में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के कार्यालय के सामने स्थित बरामदे से रवाना होंगी। 23 अक्टूबर शुक्रवार को मतदान के बाद मतपेटियां और निर्वाचन से संबंधित संविद एवं असंविद प्रपत्र सहित अन्य सामग्री कलेक्टरेट परिसर में बंदोबस्त अधिकारी, चकबंदी के न्यायालय कक्ष संख्या तीन में बनाए गए अस्थायी स्ट्रांग रूम में जमा की जाएगी। इसके बाद समस्त मतदान केंद्रों की सामग्री नामित मजिस्ट्रेट के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में रिटर्निंग अधिकारी एवं आयुक्त, झांसी मंडल को भेजी जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मतदान से वंचित नहीं होंगे मतदाता
चित्रकूट : उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रशेखर ने बताया कि मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण में सामान्य लिपिकीय अथवा मुद्रण संबंधी त्रुटि होने पर किसी पात्र मतदाता को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। पीठासीन अधिकारी या मतदान अधिकारी अनुमन्य दस्तावेजों और सूची में दर्ज अन्य विवरणों के आधार पर पहचान सुनिश्चित कर संतुष्ट होने पर उसे मतदान की अनुमति देंगे।
मतदान के दिन विशेष अवकाश, स्कूल भी रहेंगे बंद
चित्रकूट : विधान परिषद चुनाव में मतदान के लिए 23 अक्टूबर शुक्रवार को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के बोनाफाइड मतदाता विश्वविद्यालय-स्नातक कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देशों के क्रम में यह सुविधा शासन के प्रावधानों के अनुसार अनुमन्य की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने बताया कि चित्रकूट के प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक के परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त और अशासकीय हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में भी 23 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।










